राजधानी में एक ही दिन में दुष्कर्म की 4 दहलाने वाली वारदातें

राजधानी में एक ही दिन में दुष्कर्म की 4 दहलाने वाली वारदातें
भोपाल, यशभारत। राजधानी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म के चार सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। इन वारदातों में नशीला पदार्थ पिलाकर शोषण, शादी का झूठा झांसा, लिव-इन में धोखाधड़ी और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1. नौकरी का झांसा देकर पिलाया नशीला पदार्थ (छोला मंदिर)
छोला मंदिर इलाके में एक 29 वर्षीय महिला को पड़ोस में रहने वाले युवक शिवम ने बेहतर नौकरी दिलाने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी ने जब यह वीडियो अपने दोस्तों को दिखाया, तब मामला उजागर हुआ।
2. बिल्डर ने तलाक का झांसा देकर 3 साल किया शोषण (कोलार)
कोलार क्षेत्र में एक नामी बिल्डर प्रगति अग्रवाल पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। पीड़िता एक क्लब में काम करती थी, जहां आरोपी ने उसे अपने ऑफिस में पार्ट-टाइम जॉब दी। आरोपी ने खुद को शादीशुदा बताते हुए वादा किया कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करेगा। इस झांसे में रखकर वह तीन साल तक पीड़िता का दैहिक शोषण करता रहा। अंत में शादी से मुकर जाने पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
3. लिव-इन में रखा, गर्भवती हुई तो छोड़कर भागा (शाहपुरा)
शाहपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक जीत निशोदे ने युवती को शादी का झांसा देकर चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखा। आरोपी ने दावा किया था कि वह अपनी पत्नी से तलाक ले चुका है। जब युवती गर्भवती हुई, तो आरोपी उसे उसके रिश्तेदारों के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
4. पति के दोस्त ने होटल में लूटी अस्मत, मांगे 10 लाख (शाहपुरा)
एक अन्य मामले में शाहपुरा क्षेत्र के ही एक होटल में 32 वर्षीय महिला के साथ उसके पति के दोस्त वेदांत उर्फ मनन बजाज ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। खौफजदा महिला अपने मायके चली गई थी, जहां से लौटने के बाद उसने साहस जुटाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।







