पूर्व गृहमंत्री की बेटी सहित 3 लोगों की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर रूप से घायल
इंदौर में भीषण सड़क हादसा

इंदौर,यशभारत। इंदौर में भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में पूर्व गृहमंत्री की बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई. यह हादसा शुक्रवार की अल-सुबह हुआ है. वहीं इस हादसे में एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल है.
राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा की मौत
इस सड़क हादसे में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा की मौत हो गई. इसके अलावा दो अन्य युवक मन संधू और प्रखर की मौत हो गई है. वहीं एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
कार और ट्रक की आपस में टक्कर, तीन की मौत
यह हादसा इंदौर के तेजाजी नगर बायपास रालामंडल के समीप हुआ है. जानकारी के मुताबिक, कार और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई, जिससे कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे थे
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 5 बजे के आसपास यह हादसा हुआ है, ठंड की वजह से कोहरा भी छाया हुआ था. बताया जा रहा है कि बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा समेत उनके दोस्त कही घूमने के लिए निकले थे, कार में प्रेरणा के अलावा प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का नाम की लड़की बैठी थी.जानकारी के मुताबिक प्रखर का जन्मदिन था, जहां सभी रात में बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे थे. कार भी प्रखर ही चला रहा था, जहां सुबह के वक्त अचानक से कार सीधी ट्रक में जा घुसी. एक्सीडेंट इतना जोरदार था कि मौके पर तीनों ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी लगते ही पूर्व मंत्री बाला बच्चन के भी अस्पताल पहुंचने की जानकारी सामने आई है. जबकि कार में सवार दूसरे युवको के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है.







