फूड इंस्पेक्टर के निजी ड्राइवर पर लगे वसूली के आरोप

फूड इंस्पेक्टर के निजी ड्राइवर पर लगे वसूली के आरोप
जबलपुर, यश भारत। उपार्जन को लेकर तो खाद्य विभाग के इस्पेक्टर को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगते ही रहते हैं। लेकिन इस बार विभाग में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर संजय खरे के ड्राइवर के खिलाफ मामला सामने आया है। इसमें शिकायतकर्ता द्वारा संजय खरे के ड्राइवर अफजाल अंसारी के ऊपर पेट्रोल पंप मालिकों, राशन दुकानदारों से वसूली करने का आरोप लगाया है। जिस मामले को लेकर कलेक्ट्रेट की शिकायत शाखा ने जिला खाद्य नियंत्रक को इस पूरे मामले की जांच करने के लिए कहा गया है। हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस तरह की शिकायत सामने आई है।
पहले भी लगे हैं आरोप- उक्त अधिकारी को लेकर राशन दुकानों से वसूली के साथ-साथ गलत तरीके से राशन घटाने को लेकर भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी है। लेकिन उन विषयों पर जांच में क्या हुआ यह सामने नहीं आया । पिछले दिनों एक विधायक द्वारा सीधे कलेक्टर से उक्त अधिकारी की शिकायत की गई थी, इसके बाद उक्त अधिकारी को कलेक्टर द्वारा महत्वपूर्ण दायित्व से मुक्त कर दिया गया था । अब ड्राइवर के माध्यम से वसूली की शिकायत आने के बाद देखना होगा कि इसमें कुछ कार्यवाही होती है या पुरानी शिकायतों की तरह सब कुछ ठंडे बस्ते में चला जाता है।







