भोपालमध्य प्रदेश

ड्रग तस्कर अक्सा खान की सीडीआर से पांच अहम नंबरों की पहचान, हाई-प्रोफाइल रैकेट की परतें खुलीं

ड्रग तस्कर अक्सा खान की सीडीआर से पांच अहम नंबरों की पहचान, हाई-प्रोफाइल रैकेट की परतें खुलीं
भोपाल, यशभारत। राजधानी की टीला जमालपुरा पुलिस ने शहर के पॉश इलाके कोहेफिजा में रहने वाली 25 वर्षीय युवती अक्सा खान को ड्रग डिलीवरी करते हुए गिरफ्तार किया है। युवती के पास से लगभग 1.52 लाख मूल्य की 9 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। यह गिरफ्तारी इस्लामी ग्राउंड के पास घेराबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्सा खान की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली है, जिसमें ड्रग्स रैकेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
पांच नंबरों पर 20 बार बात, डीजे संचालक भी रडार पर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीडीआर की जांच में ऐसे पाँच नंबरों को चिह्नित किया गया है, जिन पर अक्सा ने बीते 28 दिनों के अंदर 15 से 20 बार तक संपर्क किया था। इनमें दो नंबर उसके करीबी परिजनों (मां और बुआ) के हैं, जबकि दो नंबर दो युवकों के बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि युवती गोवा में रहने वाले एक डीजे संचालक युवक के संपर्क में थी, जो पहले भोपाल में ही रहता था। टीआई डीपी सिंह ने बताया कि इन सभी मोबाइल नंबर धारकों को पूछताछ के लिए जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे।
मुंबई से ड्रग्स सप्लाई, दोस्त भूमिगत
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि अक्सा खान को ड्रग्स भोपाल के ही एक युवक ने सप्लाई किया था। यह युवक युवती की गिरफ्तारी से करीब आठ दिन पहले मुंबई गया था और सड़क मार्ग के जरिए ड्रग्स लेकर लौटा था। अक्सा की गिरफ्तारी होते ही उसका ड्रग्स सप्लायर दोस्त अंडरग्राउंड हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि अक्सा महिलाओं पर कम शक होने का फायदा उठाती थी और अपने दोस्त के कहने पर डिलीवरी का काम करती थी। इसके बदले में उसे ड्रग्स की मुफ्त खुराक और कमाई का 20 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था।
हुक्का लाउंज से जुड़ा हाई-प्रोफाइल कनेक्शन
कोहेफिजा स्थित एस-2 चित्रांश अपार्टमेंट निवासी अक्सा खान एक हाई-प्रोफाइल घराने से ताल्लुक रखती है। उसके पिता आजम खान एयरपोर्ट रोड स्थित बड़वाई स्पोर्ट्स ग्राउंड का संचालन करते हैं। बीकॉम ग्रेजुएट अक्सा का उठना-बैठना शहर के अलग-अलग हुक्का लाउंज पर था। अक्सा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक साल पहले एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में पहली बार ड्रग्स का सेवन किया था, जो एक हुक्का लाउंज में आयोजित की गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से ठीक पहले उसने अपने करीबी चार युवकों और एक युवती के साथ एक लाउंज में पार्टी भी की थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब अक्सा के लोकल नेटवर्क और ग्राहकों की जानकारी जुटा रही है ताकि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button