
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामला,अब तक 11 गिरफ्तार
अब तक 11 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी हरियाणा से पकड़ा गया
मुंबई यश भारत। मुंबई के जुहू क्षेत्र में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रारंभिक चरण में पांच आरोपियों को पुणे से पकड़ा गया था, जबकि छह अन्य आरोपियों को हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला 1 फरवरी, 2026 को दर्ज किया गया था। जुहू पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 61(2), 238, 3(5), आर्म्स एक्ट की धाराएं 3, 25, 27 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 37(2), 135 के तहत अपराध पंजीकृत किया गया। बाद में इसे डीसीबी सीआईडी सीआर नंबर 19/26 के रूप में मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल द्वारा की जा रही है।
गैंगस्टर गिरोह से जुड़ाव की जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में वह शख्स भी शामिल है जिसने कथित रूप से फायरिंग की थी। संयुक्त कार्रवाई में और का सहयोग लिया गया। जांच में आरोपियों के तार गैंगस्टर गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है।
मुख्य आरोपी दीपक चंद्रा को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी 16 दिनों तक अलग-अलग राज्यों में छिपे रहे। अपराध में प्रयुक्त हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। आरोपियों के बीच संपर्क विभिन्न मोबाइल ऐप्स के माध्यम से होने की जानकारी भी सामने आई है।
कोर्ट में पेशी और रिमांड
राजस्थान से गिरफ्तार छह आरोपियों को सेशन कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने अदालत में 15 दिन की कस्टडी की मांग करते हुए गैंग की भूमिका संबंधी साक्ष्य प्रस्तुत किए। बचाव पक्ष ने दलील दी कि कुछ आरोपी घटना स्थल पर मौजूद नहीं थे और केवल वाहन भुगतान से उनका नाम जोड़ा गया है।
बरामदगी और आगे की जांच
गिरफ्तारी के दौरान एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना इस गिरोह की कार्यप्रणाली रही है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।







