देश

हिस्ट्रीशीटर के घर फायरिंग, हमीदिया अस्पताल में भी चलीं गोलियां

हिस्ट्रीशीटर के घर फायरिंग, हमीदिया अस्पताल में भी चलीं गोलियां

– अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल, मरीजों और उनके परिजनों में रही दहशत

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में शनिवार तडक़े गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश अशोकागार्डन क्षेत्र स्थित घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उसका बेटा इमरान घायल हो गया। सनसनी तब और बढ़ गई जब बदमाश घायल का पीछा करते हुए हमीदिया अस्पताल तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग कर दी। गोलीबारी से अस्पताल में मौजूद मरीजों और डॉक्टरों में अफरा-तफरी मच गई। हमीदिया अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सुबह 5.45 बजे घर पर हुआ हमला, बेटे को लगी गोली
जानकारी के अनुसार घटना अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के शंकर गार्डन इलाके की है। शनिवार सुबह करीब 5.45 बजे शादाब गेट गिरोह के 8 से 10 बदमाश हथियारों से लैस होकर लल्लू रईस के घर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आरोपी इमरान का पीछा कर रहे थे। इमरान जैसे ही घर में घुसने लगा, बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई। जान बचाने के लिए इमरान घर के अंदर भाग गया और दरवाजा बंद कर लिया।
अस्पताल तक पहुंच गए बदमाश
घायल इमरान को इलाज के लिए तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि बदमाश वहां भी पहुंच गए और अस्पताल परिसर में फायरिंग कर दी। गोली के निशान अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों पर देखे गए हैं। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीज के परिजनों ने बताया कि धमाके की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। कुछ देर बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इस संबंध में जब हमीदिया अस्पताल की डीन कविता सिंग से मोबाइल पर चर्चा करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
दो साल पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
लल्लू रईस के अनुसार करीब दो साल पहले इमरान और शादाब गेट के भाई के बीच विवाद हुआ था, जिसमें उसके भाई की उंगलियां कट गई थीं। इसी रंजिश के चलते आरोपी बदला लेना चाहते थे। रईस का यह भी आरोप है कि आरोपी शहर में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार करते हैं और उनके खिलाफ सबूत पुलिस को देने के कारण वे दुश्मनी निकाल रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीमों ने अस्पताल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन से भी चर्चा की जा रही है।
– अनिल बाजपेयी, एसीपी, शाहजहानाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button