भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद के घर में लगी आग, दमकल ने समय रहते संभाली स्थिति
दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर,जांच शुरू

नई दिल्ली,एजेंसी। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के दिल्ली स्थित आवास में बुधवार सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार लगभग सुबह 8 बजे उनके घर के एक कमरे में रखे बेड में आग लगी। धुआं उठते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग 8:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सूत्रों के अनुसार आग मदर टेरेसा क्रेसेंट रोड स्थित 11 मूर्ति क्षेत्र के कोठी नंबर-2 में लगी। यह इलाका वीवीआईपी और अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। आग लगने की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है।
सब-फायर ऑफिसर सुरेश एम के अनुसार, कॉल मिलते ही टीम तुरंत पहुंची, एक कमरे में लगी आग को बुझा दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल जरूर खड़े किए हैं, हालांकि समय रहते कार्रवाई होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग आग लगने की वास्तविक वजह की जांच में जुटे हैं।






