ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई महिला चिकित्सक – ठग ने खाते से निकाले पौने दो लाख, रांझी में मामला दर्ज

जबलपुर यश भारत। ऑनलाइन ठगी के मामले आए दिन बढ़ते जा रहे है। अपने नेटवर्क के जरिये ये ऑनलाइन ठग नए-नए तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक ठगी का मामला सामने आया जिसमें एक महिला चिकित्सक को अपना शिकार बनाते हुए ठग ने एकाउंट से पौने दो लाख रूपये की ठगी कर दी।
जानकारी अनुसार दिल्ली के एक बड़े हॉस्पिटल में पदस्थ चिकित्सक अपूर्वा सक्सेना के जबलपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया वेस्टलैंड शाखा के खाते से 1 लाख 82 हजार रुपए निकाल लिए गए है। अपूर्वा सक्सेना ने जब पेटीएम एप पर अपना बैलेंस चेक किया तो उनको इसकी जानकारी लगी। जिसके बाद अपूर्वा सक्सेना ने रांझी थाना में शिकायत दी, जिसपर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया कि जबलपुर की इंद्रा आवास कालोनी निवासी अपूर्वा सक्सेना उम्र 24 वर्ष गुरुग्राम दिल्ली में एक हास्पिटल में फिजियोथैरेपिस्ट के पद पर पदस्थ है। अपूर्वा का खाता बैंक आफ इंडिया की वेस्ट लेण्ड शाखा में है। अपूर्वा जबलपुर अपने घर आई थी। शाम 5:45 से 7:45 के बीच पेटीएम एकाउन्ट पर एक वेरीफिकेशन मैसेज आया, जिसे खोलते ही उसके मोबाईल से एक मैसेज दो मोबाईल नम्बरों पर गया। फिर अपूर्वा के एकाउंट से अलग-अलग राशि के 15 ट्रांजेक्शन कर खाते से 1 लाख 82 हजार रुपए निकाल लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।