पाटन में किसानों का प्रदर्शन एसडीएम कार्यालय का घेराव,ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सड़कों पर उतरे किसान
धान खरीदी से लेकर बिजली व भुगतान तक उठी मांगें

जबलपुर, यश भारत। मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू किए गए किसान विरोधी नियमों के विरोध में बुधवार को पाटन में किसानों का बड़ा आंदोलन देखने को मिला। भारतीय किसान संगठन एवं संयुक्त किसान मंच के संयुक्त आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सड़कों पर उतरे और रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। आंदोलन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
किसानों ने आरोप लगाया कि खलिहानों में रखे धान को अवैध बताकर सील किया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। धान खरीदी के दौरान पल्लेदारी के नाम पर प्रति क्विंटल 100 रुपये या 3 किलो धान की वसूलों को भी किसानों ने खुला शोषण बताया। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 10 घंटे निरंतर बिजली आपूर्ति को तत्काल लागू करने, खाद की प्रति एकड़ मात्रा बढ़ाने और वितरण प्रणाली को सरल करने की मांग की। इसके साथ ही धान, गेहूं, उड़द और मूंग की पिछली फसलों का लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने तथा बढ़ाए गए कृषि पंप कनेक्शनों को यथावत रखने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। आंदोलन को देखते हुए एसडीएम कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।







