
ईओडब्ल्यू का बड़ा खुलासा: GMC सिवनी के नाम पर ₹4.66 करोड़ की ठगी, आरोपी पर मामला दर्ज
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने सिवनी जिले में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (GMC Seoni) के नाम का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले का खुलासा किया है। इस मामले में सिवनी निवासी स्पर्श अग्रवाल उर्फ अंकुर अग्रवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कॉलेज में दुकानों की नीलामी और विद्यार्थियों की मेस में सप्लाई दिलाने का झूठा भरोसा देकर दो व्यक्तियों से कुल ₹4 करोड़ 66 लाख 68 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने “GMC Seoni” नाम से निजी बैंक खाता खोलकर रकम जमा कराई और बाद में उसे अपने निजी खातों व शेयर ट्रेडिंग में खर्च कर दिया।
EOW की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कॉलेज में न तो किसी प्रकार की दुकान नीलामी हुई और न ही मेस संचालन के लिए कोई आधिकारिक निविदा जारी की गई थी। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।







