
भोपाल यशभारत।आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल ने शहर के बिल्डर अनवार बेग के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। अनवार बेग पर आरोप है कि उसने कई लोगों से फ्लैट देने के बहाने करोड़ों रुपये की ठगी की है। ई ओ बब्ल्यू की जांच में सामने आया है कि बिल्डर अनवार बेग ने ‘अदनान कॉम्प्लेक्स’ और अन्य स्थानों पर फ्लैट बेचने के लिए कई लोगों से पैसे लिए। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि न तो उन्हें फ्लैट की रजिस्ट्री मिली और न ही उनके पैसे वापस किए गए।
इन शिकायतकर्ताओं के साथ हुई धोखाधड़ी:
जलील उस्मानी से ‘अदनान कॉम्प्लेक्स’ में फ्लैट के लिए तीन किस्तों में ₹14 लाख नकद लिए गए।
उमर रऊफ से ₹5 लाख लिए गए।
सैयद इकबाल हसन को ₹8.10 लाख का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
रईस अली से ₹13 लाख लिए गए।मसरूर की पत्नी के नाम फ्लैट खरीदने के लिए ₹10 लाख लिए गए।
इन पांच शिकायतकर्ताओं के साथ ही करीब ₹50 लाख की धोखाधड़ी की गई है।
धोखाधड़ी का तरीका:
अनवार बेग ने सिर्फ इन लोगों से ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों से भी चेक और नकद के रूप में करोड़ों रुपये लिए। कुछ मामलों में, उसने पीड़ितों को उनकी संपत्ति के बदले दूसरी संपत्ति देने का झांसा देकर उनकी मूल संपत्तियों की रजिस्ट्री भी अपने नाम करवा ली।
दर्ज हुआ मामला।जांच पूरी होने के बाद आरोपी अनवार बेग के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।







