होलिकादहन पर भड़की रंजिश: रास्ते के विवाद में दो पक्ष भिड़े, सात घायल
चरगवां थाना क्षेत्र के बम्बाबारी गांव की घटना

जबलपुर। जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर चरगवां थाना क्षेत्र के बम्बाबारी गांव में होलिकादहन के दिन पुराना विवाद खूनी झड़प में बदल गया। सरकारी रास्ते से खेत तक आने-जाने को लेकर दो परिवारों के बीच पिछले चार वर्षों से चल रही तनातनी ने रविवार दोपहर हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा हाल ही में मार्ग का सीमांकन किए जाने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था। होलिकादहन के दिन दोपहर में रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और सब्बल से हमला किया गया। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी-अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से प्रेमवती बाई पटेल (34), गोविंद पटेल (38), कोमल पटेल (66), सियाबाई पटेल (60) और टेकसिंह पटेल (36) को चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष से लक्ष्मण सिंह पटेल (55) और उनकी पत्नी जानकी बाई (45) घायल हुए हैं। घायलों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जबकि कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोट लगने की सूचना है।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।







