नगर निगम का घेराव करते हुए हड़ताल पर गए कर्मचारी , पानी और सफाई व्यवस्था नहीं की बाधित

जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो जाएंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
जबलपुर,यशभारत। निकायों में 1 सितंबर 2016 तक के सभी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को स्थाई करने , विभिन्न निकायों में 30 वर्षों से कार्यरत करीब 190 सामुदायिक संगठकों को नियमित करने,
पुरानी पेंशन बहाली, समयमान वेतनमान, एरियर सहित 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश व्यापी आव्हान पर नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों ने मंगलवार को घेराव करते हुए प्रदर्शन किया और एक दिवसीय काम बंद हड़ताल की।
हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने सफाई और पानी के काम को बाधित नहीं होने दिया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो नगर निगम के पूरे कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और शहर में पानी व सफाई व्यवस्था भी रोक देंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। विदित हो कि पूरे प्रदेश में कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को हड़ताल की जा रही है।
नगर निगम नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय संगठन सचिव कपिल दुबे, जिला अध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर पिछले 4 सालों से लगातार प्रदर्शन करते हुए मांगों पर कार्रवाई की आवाज उठाई जा रही है लेकिन किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद आज एक दिवसीय हड़ताल की गई।
स्वीकृति के बाद भी 38 कर्मचारियों का रूका है नियमितीकरण
कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव कपिल दुबे ने कहा कि 38 कर्मचारियों का विनियमितीकरण अभी भी बाकी है जबकि महापौर ने इस पर स्वीकृति जता दी है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप था कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चारों तरफ फैला हुआ है।
इन क्षेत्रों के लोग भी हुए प्रभावित
नगरीय निकायों के कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से जबलपुर में नगर निगम मुख्यालय सहित भेड़ाघाट, पनागर, बरेला, शहपुरा, पाटन, मझौली, कटंगी नगर पालिका और नगर परिषदों में भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।







