बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत में बुजुर्ग दंपति बाल-बाल बचे
रानीताल फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा टला

जबलपुर। शहर के रानीताल फ्लाईओवर पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फ्लाईओवर के मोड़ पर सामने से आ रही बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग दंपति बाल-बाल बच गए। हादसा अचानक मोड़ पर वाहन की रफ्तार और दिशा के गलत अनुमान के कारण हुआ। हसमुख शाह अपनी पत्नी के साथ वैगनआर कार से फ्लाईओवर पर चढ़ रहे थे, तभी सामने से तेज़ रफ्तार बस आ गई और दोनों वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन संयोग से दंपति को कोई गंभीर चोट नहीं आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दंपति को कार से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण और लोकार्पण के बाद से लगातार लापरवाही भरा वाहन संचालन देखा जा रहा है। कई चालक गति सीमा और ट्रैफिक संकेतों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। संकेतक लगे होने के बावजूद नियमों की अनदेखी आम हो गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि मोड़ों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित निगरानी और चेतावनी संकेतों को और स्पष्ट रूप से लगाया जाए तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। स्थानीय समाजसेवियों और रहवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि फ्लाईओवर पर अतिरिक्त संकेतक, स्पीड ब्रेकर और कैमरा मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।







