इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

नर्मदा जयंती पर डीजे विवाद, गोरखपुर से ग्वारीघाट रोड तक मचा बवाल

पुलिस ने खदेड़ी भीड़, दूसरे प्रदेशों से लाए गए डीजे जप्त

जबलपुर। नर्मदा जयंती के अवसर पर नर्मदा विसर्जन एवं कीर्तन के दौरान शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर थाना क्षेत्र से ग्वारीघाट रोड तक बज रहे तेज डीजे को लेकर जमकर बवाल हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को मौके पर दौड़कर आना पड़ा और सड़क पर भागती भीड़ को खदेड़ना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में नर्मदा विसर्जन और कीर्तन के दौरान पूरी सड़क पर डीजे की प्रतिस्पर्धा जैसा माहौल बना दिया गया था। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तेज आवाज में डीजे बजने लगे, जिससे हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। देखते ही देखते भीड़ का सैलाब ऐसा बढ़ा कि सड़क पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई और यातायात ठप हो गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एम्बुलेंस तक फंस गई, जिससे कुछ समय के लिए आपात सेवाएं भी प्रभावित रहीं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दौड़-भाग कराई। कई लोग इधर-उधर भागते नजर आए।
पुलिस कार्रवाई में डीजे जब्त किए गए, जिनके बारे में सामने आया है कि इन्हें दूसरे-दूसरे प्रदेशों से लाया गया था। बिना अनुमति और तय मानकों के उल्लंघन में तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे थे, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नर्मदा जयंती जैसे पावन पर्व पर श्रद्धा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जब्त डीजे को थाने में रखवाकर मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों में अनुशासन और प्रशासनिक अनुमति का पालन न होने पर कैसे जन-सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button