कटनी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: बहाल करने के नाम पर ‘महंगा मोबाइल’ और रिश्वत मांग रहा जिला पंचायत का लेखापाल रंगे हाथों गिरफ्तार

कटनी यश भारत : मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के तहत आज जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कटनी जिला पंचायत में एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के कड़े निर्देशों और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए, टीम ने जिला पंचायत के लेखापाल सत्येंद्र सोनी को ₹5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। शिकायतकर्ता आशीष कुमार दुबे, जो कि ग्राम निगहरा के निवासी हैं, को उनके पद से निलंबन के बाद वापस बहाल करने के बदले में आरोपी लेखापाल द्वारा अनुचित लाभ की मांग की जा रही थी।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी सत्येंद्र सोनी ने रिश्वत के तौर पर ₹53,999 की कीमत वाले ‘Vivo V70’ स्मार्टफोन की मांग की थी। इसके अलावा, सौदा यह तय हुआ था कि बहाली के लिए पहली किस्त के रूप में ₹5000 नगद, फरवरी का वेतन मिलने पर ₹10,000 और शेष राशि बहाल होने के बाद किस्तों में दी जाएगी। आज दिनांक 26 फरवरी 2026 को जैसे ही आवेदक ने जिला पंचायत की स्थापना शाखा में ₹5000 की पहली किस्त आरोपी को थमाई, लोकायुक्त टीम के टी.एल.ओ. निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बी.एम. नरवरिया और उनके दल ने उसे धर दबोचा। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।







