दिग्विजय सिंह का चुनाव आयोग दफ्तर में प्रवेश, साथ में पीसी शर्मा और अन्य नेता

दिग्विजय सिंह का चुनाव आयोग दफ्तर में प्रवेश, साथ में पीसी शर्मा और अन्य नेता
भोपाल की नरेला विधानसभा में फर्जी वोटर्स का लगाया आरोप
बीजेपी सरकार के दबाव में धांधली का आरोप, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी रहे मौजूद
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चुनावी तपिश एक बार फिर बढ़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सोमवार को निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुंचे। उनके साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया में भारी अनियमितता बरती गई है। उन्होंने सीधे तौर पर बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकारी दबाव में मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े गए हैं और असली मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं।
हैरान कर देने वाली बात यह रही कि दिग्विजय सिंह अपने साथ उन मकान मालिकों को भी लेकर आए थे, जिनके घर के पते का गलत इस्तेमाल हुआ है। शिकायतकर्ता मकान मालिकों का कहना है कि उनके परिवार में मात्र 6 से 7 सदस्य हैं, लेकिन नई मतदाता सूची में उनके एक ही मकान नंबर पर 30 से ज्यादा वोटर्स दर्ज दिखाए गए हैं।
यह पूरी शिकायत भोपाल की नरेला विधानसभा से जुड़ी है। दिग्विजय सिंह ने आयोग को गड़बड़ी के पुख्ता सबूत सौंपे हैं। मुलाकात के बाद उन्होंने चुनाव आयोग का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिला है।







