भोपालमध्य प्रदेश

रिटायर्ड बैंक मैनेजर से 57.50 लाख की साइबर ठगी, शेयर बाजार में मुनाफे का दिया था झांसा

रिटायर्ड बैंक मैनेजर से 57.50 लाख की साइबर ठगी, शेयर बाजार में मुनाफे का दिया था झांसा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मिसरोद इलाके में साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर को अपनी जाल में फंसाकर 57.50 लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने नामी ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज के नाम से फर्जी लिंक भेजकर निवेश कराया और वर्चुअल स्क्रीन पर भारी मुनाफा दिखाकर बैंक मैनेजर की जीवन भर की जमा पूंजी ठग ली। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गूगल सर्च से शुरू हुआ ठगी का खेल
शिवांगन कॉलोनी (सलैया) निवासी पंकज श्रीवास्तव (61), जो सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से मैनेजर पद से सेवानिवृत्त हैं, शेयर बाजार में निवेश करना चाहते थे। उन्होंने गूगल पर एक्सिस बैंक की ब्रोकरेज सेवा सर्च की, जहां उन्हें एक्सिस सिक्योरिटीज सी-फाइव ब्रांच नाम का एक फर्जी लिंक मिला। भरोसे में आकर उन्होंने 2 दिसंबर 2025 को खाता खोल लिया।

किस्तों में ऐंठे पैसे, डर दिखाकर बनाया दबाव
जालसाजों ने पहले पीड़ित का भरोसा जीता और फिर चरणबद्ध तरीके से निवेश कराया। 12 दिसंबर को पहली बार 50 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद ठगों ने एक लिंक भेजा जिसमें पीड़ित को 6 हजार रुपये का ‘वर्चुअल प्रॉफिट’ दिखाया गया। मुनाफे के लालच में आकर पंकज निवेश बढ़ाते गए। जब उन्होंने रुकना चाहा, तो ठगों ने डराया कि यदि और निवेश नहीं किया, तो पिछला पैसा भी शून्य हो जाएगा।

आईपीओ अलॉटमेंट के नाम पर बड़ा दांव
ठगों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया कि उन्हें विशेष कोटे से आईपीओ अलॉटमेंट मिल रहा है। इसी झांसे में आकर बैंक मैनेजर ने अलग-अलग किस्तों में कुल 57.50 लाख रुपये उनके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब उन्होंने रकम निकालनी चाही और जालसाजों ने इसके बदले और पैसों की मांग शुरू कर दी।

सावधान: आप भी न बनें शिकार
गूगल पर आने वाले हर विज्ञापन या लिंक को असली न मानें। आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल जरूर चेक करें। यदि कोई ऐप या व्यक्ति आपको रातों-रात पैसा दोगुना करने या गारंटीड मुनाफे का वादा करे, तो वह 100% फ्रॉड है। कोई भी प्रतिष्ठित ब्रोकिंग फर्म कभी भी किसी व्यक्तिगत बैंक खाते में पैसा जमा नहीं कराती।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button