डायल-112 की तत्परता से बची चार जिंदगियां, सड़क हादसे में घायल परिवार के लिए फरिश्ते बने जवान

डायल-112 की तत्परता से बची चार जिंदगियां, सड़क हादसे में घायल परिवार के लिए फरिश्ते बने जवान
भोपाल, यशभारत। उज्जैन जिले के पंवासा थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे के दौरान पुलिस की संवेदनशीलता और मुस्तैदी की मिसाल देखने को मिली। पिकअप और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में घायल हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों को डायल-112 के जवानों ने ‘गोल्डन ऑवर’ में अस्पताल पहुँचाकर उनकी जान बचा ली।
घटना 05 अप्रैल की है, जब पंवासा क्षेत्र के माधोपुर चौराहा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दंपति और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल इलाके में गश्त कर रही डायल-112 एफआरव्ही को मौके पर रवाना किया।
जवानों ने खुद संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम चंद मिनटों में घटनास्थल पर पहुँच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सैनिक रहीम और पायलट लोकेश ने एम्बुलेंस का इंतज़ार करने में समय बर्बाद नहीं किया। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपति और बच्चों को अपनी ही गाड़ी में बैठाया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।
समय पर इलाज ने बचाई जान
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना उनके लिए जीवनदान साबित हुआ। डायल-112 की इस त्वरित और मानवीय कार्यवाही की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी जवानों के इस सेवा-भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी तत्परता से ही समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सुदृढ़ होता है।







