भोपाल

बाणगंगा चौराहे पर टूटा फुटपाथ बना खतरा  – पीतल माता मंदिर के सामने गड्ढों से राहगीरों को हो रही परेशानी 

बाणगंगा चौराहे पर टूटा फुटपाथ बना खतरा 
– पीतल माता मंदिर के सामने गड्ढों से राहगीरों को हो रही परेशानी 
 भोपाल, यश भारत। राजधानी के बाणगंगा चौराहे पर स्थित पीतल माता मंदिर के सामने फुटपाथ की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। फुटपाथ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी हुई सतह के कारण पैदल चलना बेहद मुश्किल हो गया है। क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि इस स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार लंबे समय से फुटपाथ की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर सीमेंट और टाइल्स उखड़ चुके हैं, जिससे गहरे गड्ढे बन गए हैं। दिन के समय तो लोग किसी तरह सावधानी से निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय कम रोशनी में यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है। खासकर बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्र के दुकानदारों और रहवासियों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पीतल माता मंदिर पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के बाजार और आवासीय क्षेत्रों के कारण यहां पैदल चलने वालों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है। ऐसे में खराब फुटपाथ के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग मजबूरी में सड़क पर चलने लगते हैं, जिससे यातायात के बीच दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार लोग गड्ढों में पैर फंसने के कारण गिर चुके हैं। हालांकि अब तक कोई बड़ी दुर्घटना सामने नहीं आई है, लेकिन स्थिति को देखते हुए कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फुटपाथ की मरम्मत नहीं कराई गई तो यह समस्या और बढ़ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button