कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 131 समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 131 समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 131 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का कलेक्टर ने मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया।
कलेक्टर सिंह ने प्रत्येक आवेदक से धैर्यपूर्वक चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझा। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट समय सीमा में प्रस्तुत की जाए।
जनसुनवाई में आए आवेदकों को शीघ्र निराकरण का आश्वासन देते हुए कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्हें लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए कहा गया है।







