भोपालमध्य प्रदेश

कलेक्टर ने बैरसिया तहसील का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर दी सख्त चेतावनी

कलेक्टर ने बैरसिया तहसील का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर दी सख्त चेतावनी

भोपाल, यशभारत। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह शुक्रवार को अचानक बैरसिया तहसील और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उनके इस औचक निरीक्षण से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता के काम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लंबित प्रकरणों पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कुछ पुराने मामले अब भी लंबित हैं, जिस पर उन्होंने संबंधित पटवारियों और राजस्व अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय-सीमा के बाहर लंबित मामलों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर सिंह ने कार्यालय के रिकॉर्ड रूम, कानूनगो शाखा और लोक सेवा केंद्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने दस्तावेजों के व्यवस्थित रख-रखाव और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यालय में उपस्थित ग्रामीणों से भी चर्चा की और उनसे पूछा कि क्या उनके काम समय पर हो रहे हैं या उन्हें किसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिक को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाना है। तहसील स्तर पर यदि काम समय पर होंगे, तो ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लापरवाही मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित है।
कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, कलेक्टर भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button