एमपी में कोल्ड टॉर्चर: कोहरे की सफेद चादर में लिपटा प्रदेश, 3.8 डिग्री तक गिरा पारा, स्कूल बंद और ट्रेनें लेट

एमपी में कोल्ड टॉर्चर: कोहरे की सफेद चादर में लिपटा प्रदेश, 3.8 डिग्री तक गिरा पारा, स्कूल बंद और ट्रेनें लेट
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में हाड़ कपा देने वाली ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। भोपाल सहरित प्रदेश के कई हिस्सों में विजिबिलिटी (दृश्यता) घटकर महज 20 मीटर रह गई है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि आम लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है।
कल्याणपुर सबसे ठंडा, दतिया में भी कड़ाके की ठंड
बीती रात प्रदेश के कई जिलों में पारा गोता लगाकर 4 डिग्री के करीब पहुँच गया। शहडोल जिले का कल्याणपुर 3.8 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, दतिया में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो, राजगढ़ और ग्वालियर जैसे शहरों में भी रात का तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे पूरे प्रदेश में शीतलहर का असर दिख रहा है।
24 जिलों में स्कूल बंद, कहीं समय बदला
भीषण ठंड और सुबह के घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठाए हैं। प्रदेश के 24 जिलों में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। भोपाल, इंदौर, सीहोर और धार समेत कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से बचाया जा सके।
रफ्तार पर ब्रेक: ट्रेनें 3 घंटे तक लेट
कोहरे का सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। दिल्ली की ओर से आने वाली शताब्दी, मालवा और सचखंड एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें 2 से 3 घंटे की देरी से चल रही हैं। सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों को ‘फॉग लाइट’ का इस्तेमाल करने और धीमी गति से चलने की सलाह दी है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर से आ रही नमी और हवा की बेहद कम गति के कारण वातावरण में 100 प्रतिशत नमी दर्ज की जा रही है। जब हवा शांत होती है और नमी अधिक होती है, तो बादल धरातल के करीब आ जाते हैं, जिसे हम घना कोहरा कहते हैं।
अगले 48 घंटे भारी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरा और शीतलहर का असर बरकरार रहेगा। पहाड़ी और वन क्षेत्रों में ठंड का असर और भी तीखा हो सकता है।







