क्रिसमस की धूम,प्रेम, एकता और भाईचारे का दिया संदेश
गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्म लेते ही बिखरी खुशियां

जबलपुर,यशभारत। जिले के गिरजाघरों में बुधवार की आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म लेते ही खुशियां, प्रेम और शांति का आगमन हुआ. बुधवार रात ठीक 12 बजे प्रभु यीशु मसीह ने चरनी में जन्म लिया. कई रंगों की रोशनी से जगमग गिरजाघर में प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया. धर्मगुरुओं ने प्रभु यीशु के जन्म का संदेश दिया.प्रेम, एकता और मेल-मिलाप के संदेश के बाद केक काटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को मैरी क्रिसमस कहकर पर्व की शुभकामनाएं दी. इसे देखकर ऐसा लगा कि मानो प्रभु यीशु अपने साथ खुशियों की सौगात लेकर आए हैं.सदर चर्च, होली ट्रिनिटी सहित अन्य गिरजाघरों में देर रात तक मसीही जनों की भारी भीड़ नज़र आई।
गौशाले में हुआ प्रभु यीशु का जन्म
क्रिसमस के लिए कैथोलिक चर्च में आकर्षक चरनी सजाई गई थी. प्रभु यीशु के जन्म प्रसंग का चित्रण करते हुए इसमें माता मरियम और उद्धारकर्ता के आने की खुशियां मनाते हुए लोगों की झांकी दिखाई गई. प्रभु यीशु का जन्म गौशाले में हुआ, जहां उन्हें चरनी में रखा गया था. सभी गिरज़ाघरो में शाम 7 बजे से ही मसीही जनों की चहल-पहल शुरू हो गई थी. इस दौरान रंग बिरंगी रोशनी के बीच सांता क्लॉज बच्चों को उपहार बांटते नजर आए.
शांति और भाईचारे का दिया गया संदेश
प्रभु यीशु के जन्म लेते ही खुशियों का दौर शुरू हो गया. सैकड़ों की संख्या में समाजजनों ने देर रात तक चरनी में जन्में प्रभु यीशु व चर्च में स्थापित माता मरियम की प्रतिमा के सामने मोमबत्तियां जलाकर आराधना की और आशीष भी लिया. वहीं, कैरोल गीत के माध्यम से युवाओं ने शांति, भाईचारा और क्रिसमस के आगमन का संदेश दिया. चर्चों में प्रार्थना सभा के साथ सामूहिक भोजन कर क्रिसमस का पर्व मनाया गया.
24 दिसंबर की रात 12 बजे ही चर्च की घंटियां बजने के साथ प्रभु का जन्म हुआ। प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही सभी ने एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। क्रिसमस पर्व को लेकर हर उम्र में उत्साह नजर आया। युवाओं ने पहले परिवार उसके बाद दोस्तों के साथ क्रिसमस मनाया। पूरे दिन एंजाय किया। क्रिसमस का पर्व आपसी प्रेम ओर भाईचारे का पर्व है। सभी ने एक-दूसरे को हग कर क्रिसमस की बधाई दी।
गुरुवार को पूरे दिन शहर में क्रिसमस पर्व की रहीं धूम
गुरुवार को पूरे दिन शहर में क्रिसमस पर्व की धूम रहीं। किसी ने घर में तो किसी ने दोस्तों के साथ क्रिसमस सेलीब्रेट किया। मसीही समुदाय ने एक-दूसरे को केक खिलाकर क्रिसमस की खुशियां बांटी। सुबह से ही शहर के विभिन्न गिरिजाघरों में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की अराधना की गई। क्रिसमस का पर्व प्रभु यीशु मसीह के जन्म का उत्सव है। जो कि ढेर सारी खुशियां लाता है। क्रिसमस ना केवल आनंद मनाने का पर्व है, बल्कि परमेश्वर के प्रेम को एक-दूसरे के साथ बांटना भी है।
सुबह से ही घर में विभिन्न पकवानों का लुत्फ उठाया। सुबह से ही शहर के विभिन्न गार्डनाें में लोगों की भीड़ नजर आई। मसीही समुदाय के कई लोग अपने परिवार को गार्डन में नजर आए। इसके साथ की थियेटर भी फुल नजर आए। परिवार साथ थियेटर में मूवी देखकर एंजाय किया। साथ ही लंच और डिनर भी बाहर किया गया। क्रिसमस का पूरा दिन सभी ने एंजाय किया।







