शीतलहर में बच्चों की सेहत से खिलवाड़, निजी स्कूलों ने उड़ाई कलेक्टर के आदेशों की धज्जियां
शास्त्री नगर स्थित विस्डम वैली स्कूल की मनमानी

जबलपुर, यशभारत। जिले में पड़ रही कड़ाके की शीतलहर के बीच निजी स्कूलों की मनमानी सामने आ रही है। जिला कलेक्टर द्वारा नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में 5 व 6 तारीख को अवकाश घोषित किए जाने के बावजूद कुछ निजी स्कूल आदेशों की खुली अवहेलना कर रहे हैं। रविवार रात कलेक्टर द्वारा ठंड और शीतलहर को देखते हुए दो दिन का अवकाश घोषित किया गया था, ताकि छोटे बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। इसके बाद भी शास्त्री नगर स्थित विस्डम वैली स्कूल सोमवार सुबह से संचालित पाया गया। ठिठुराने वाली ठंड में नन्हे बच्चे स्कूल पहुंचने को मजबूर दिखे, जिससे उनकी सेहत पर खतरा मंडराता नजर आया।
स्कूल खुलने की सूचना मिलते ही अभिभावकों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज कर स्कूल प्रबंधन बच्चों की जान जोखिम में डाल रहा है। कई अभिभावकों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद स्कूल का संचालन होना यह सवाल खड़ा करता है कि क्या निजी स्कूलों पर प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है या फिर आदेशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहेगी।






