जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों धराया नगर पालिका का एकाउंटेंट, EOW जबलपुर की कार्रवाई

छिंदवाड़ा यश भारत : भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने मंगलवार को नगर पालिका डोंगर परासिया के एकाउंटेंट शैलेंद्र शर्मा को ₹5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एक सेवानिवृत्त सफाई कर्मी से उसकी ग्रेच्युटी और पेंशन शुरू करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता लाल जी पिंडपारोची, जो परासिया के निवासी हैं और अगस्त 2025 में सफाई कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, ने EOW में शिकायत दर्ज कराई थी। लाल जी के अनुसार, रिटायरमेंट के कई महीनों बाद भी उनका ग्रेच्युटी फंड और पेंशन का भुगतान नहीं किया जा रहा था।

जब उन्होंने नगर पालिका के एकाउंटेंट शैलेंद्र शर्मा से संपर्क किया, तो आरोपी ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले ₹25,000 की मांग की।

किस्तों में वसूली जा रही थी रिश्वत

EOW की जांच में सामने आया कि:

  • आरोपी ने कुल ₹25,000 की मांग की थी।

  • शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को ₹20,000 दे चुका था।

  • शेष ₹5,000 की अंतिम किस्त के लिए एकाउंटेंट लगातार दबाव बना रहा था।

EOW का जाल और गिरफ्तारी

शिकायत के सत्यापन के बाद, आज दिनांक 17 फरवरी 2026 को EOW जबलपुर की ट्रैप टीम ने नगर पालिका कार्यालय में दबिश दी। जैसे ही लाल जी ने रिश्वत की शेष राशि ₹5,000 शैलेंद्र शर्मा को थमाई, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पीड़ित की पेंशन और ग्रेच्युटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

कानूनी कार्रवाई

आरोपी शैलेंद्र शर्मा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक नगर पालिका कार्यालय में कार्यवाही जारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button