स्वीट्स और किराना दुकान की शटर उठाकर नगदी व ड्रायफ्रूट्स चोरी -अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज

स्वीट्स और किराना दुकान की शटर उठाकर नगदी व ड्रायफ्रूट्स चोरी
-अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज
भोपाल, यशभारत।
अशोका गार्डन इलाके में स्थित चंद्रा स्वीट्स और एक किराना दुकान पर अज्ञात शातिर चोरों ने धाबा बोलकर हजारों की नगदी और ड्रायफ्रूट्स चुरा लिए। बदमाशों ने दोनों दुकानों की शटर उठाकर वारदात को अंजाम दिया है। चोरी की दोनों वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिसमें शातिर चोर शटर उठाकर चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ए-न्यू अशोका गार्डन निवासी हरीश कुमार जैन पुत्र लाभमल जैन(60) की अपने मकान की ग्राउंड फ्लोर पर चंद्रा स्वीट्स नाम से दुकान है। सोमवार रात उन्होंने दुकान बंद की थी। अगली सुबह उनका नौकर शारदा दुकान की चाबी लेने पहुंचा और बताया कि दुकान का शटर उठा हुआ है। जब उन्होंने दुकान में जाकर देखा तो कैश काउंटर में रखी 50-50 रूपए के नोटों की दस गड्डी, नगदी चिल्लर करीब 3 हजार चोरी जा चुके थे। इसी तरह चंद्रा स्वीट्स के सामने स्थित गिरनार ट्रेडर्स किराना दुकान का भी शटर उठा हुआ था। उक्त दुकान न्यू अशोका गार्डन निवासी सचेन्द्र जैन पुत्र स्व. रूपचंद जैन(54) की है। दुकान का शटर उठा देख चंद्रा स्वीट्स के मालिक हरीज कुमार जैन ने सचेन्द्र जैन को फोन पर सूचना दी। जब किरान दुकान मालिक ने अंदर जाकर चेक किया तो पता चला कि गल्ले में रखे नगदी करीब 35 हजार रूपए व 5 किलो ड्रायफ्रूट्स चोरी हो गए थे।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर-
थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि चंद्रा स्वीट्स और गिरनार ट्रेडर्स किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को दोनों स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे मिले हैं। जिसमें शातिर चोर वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुए हैं। पुलिस हुलिये के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।







