कैडबरी डेरी मिल्क चॉकलेट पर लगे मिले फफूंद और कीड़े,एक्सपायरी से पहले ही निकली खराब; वीडियो वायरल
जबलपुर जिले के शहपुरा भिटौनी थाना क्षेत्र का मामला

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर जिले के शहपुरा भिटौनी थाना क्षेत्र के ग्राम शहपुरा में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां कैडबरी कंपनी की चॉकलेट की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, एक 8वीं कक्षा के छात्र ने गांव की एक दुकान से 55 रुपये की कैडबरी डेरी मिल्क चॉकलेट खरीदी थी। चॉकलेट खोलते ही उसमें फफूंद और कीड़े दिखाई दिए, जिसे देखकर बच्चा और उसके परिजन हैरान रह गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हैरानी की बात यह है कि चॉकलेट के पैकेट पर एक्सपायरी डेट 8 जून 2026 अंकित है, यानी उत्पाद अभी उपयोग के लिए वैध था। इसके बावजूद इस तरह की खराब स्थिति ने कंपनी की गुणवत्ता और स्टोरेज सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ है। वहीं, मामले के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संबंधित विभाग से जांच एवं कार्रवाई की मांग की जा रही है।







