व्यापारी ने होटल के रूम में फांसी लगाकर की खुदकुशी

व्यापारी ने होटल के रूम में फांसी लगाकर की खुदकुशी
-आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
भोपाल, यशभारत। हनुमानगंज थाना इलाके में स्थित एक होटल के रूम में एक व्यापारी ने कल रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इसी तरह गांधी नगर, एमपी नगर में भी नाबालिग समेत दो लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
थाना पुलिस ने बताया कि विदिशा निवासी सोहिल पंथी पुत्र कैलाश पंथी (22) की कृष्णा कॉम्पलेक्स में मोबाइल की दुकान थी। वह रोजाना अपडाउन करता था। कल रात वह होटल में रूक गया था। जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से पुलिस को एक खाली शराब की बोतल भी मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने शराब पीने के बाद फांसी लगाई। हालांकि पुलिस को मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इधर, गांधी नगर इलाके में रहने वाले छोटू पुत्र गुड्डू(28) ने कल रात अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना का पता चलने पर परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एमपी नगर स्थित होटल निर्सग के पास एक खंडहर में समीर उईके पुत्र रामेश्वर(17) ने आज तडक़े चादर का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। मृतक पन्नी और कबाड़ा बिनने का काम करता था और सूखा नशा करने का आदी था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है।
करंट लगने से महिला की मौत-
बैरागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि कैलाश नगर निवासी रामवति बाई पति गोविंद सिंह (65) गृहणी थी। कल दोपहर वह इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म कर रही थी। तभी उन्हें रॉड से करंट लग गया। परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी तरह एमपी नगर इलाके में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। थाना पुलिस के मुताबिक अवधपुरी निवासी कृष मोरे पुत्र अशोक मोरे(22) की एमपी नगर जोन-1 रेलवे ट्रेक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक पटरी पार करते वक्त हादसे का शिकार हुआ है अथवा उसने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है, फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।







