बिल्डर के बेटे की फॉर्च्यूनर ने छात्र को कुचला, मौके पर मौत; भीड़ ने पीछा कर पकड़ा

बिल्डर के बेटे की फॉर्च्यूनर ने छात्र को कुचला, मौके पर मौत; भीड़ ने पीछा कर पकड़ा
भोपाल,यशभारत। राजधानी में एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार 12वीं के छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पॉलिटेक्निक पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की पहचान गिन्नौरी, तलैया निवासी आतिफ पिता आसिफ (18) के रूप में हुई। आतिफ अपने बीमार पिता के लिए दवा लेकर लौट रहा था, तभी पीछे से आई फॉर्च्यूनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
भागने की कोशिश, भीड़ ने दबोचा
हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोगों की भीड़ ने उसका करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। अंततः, रेत घाट चौकी के पास उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर के बाद भागने की कोशिश में ही चालक ने कार को तेज रफ्तार में दौड़ाया, जिससे आतिफ के सिर से कार का पहिया गुजर गया और उसकी जान चली गई।
आरोपी बिल्डर केएल मूलानी का बेटा
टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर कार भोपाल के नामी बिल्डर्स के मालिक केएल मूलानी के नाम रजिस्टर्ड है। पुलिस ने आरोपी चालक, जो उनका बेटा नितिन मूलानी बताया जा रहा है, को हिरासत में ले लिया है।
एफआईआर में ‘हिट एंड रन’ की धाराएं नहीं
देर रात पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, इसमें ‘हिट एंड रन’ की धाराएं शामिल नहीं की गई हैं। टीआई भूपेंद्र सिंधु ने बताया कि आरोपी टक्कर के बाद कुछ समय मौके पर रुका था, इसलिए ये धाराएं नहीं जोड़ी गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद, यदि आवश्यक हुआ, तो धाराओं में इजाफा किया जाएगा। बीती रात करीब दस बजे आतिफ का जनाजा उनके दादा के घर से उठाया गया और बड़ा बाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।







