भोपालमध्य प्रदेश

पुष्पा नगर में बड़े नाले की टूटी रेलिंग बनी जानलेवा, नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

पुष्पा नगर में बड़े नाले की टूटी रेलिंग बनी जानलेवा, नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के पुष्पा नगर क्षेत्र स्थित 80 फिट रोड, वार्ड नंबर 36 में बने बड़े नाले की सुरक्षा रेलिंग पिछले कई वर्षों से टूटी पड़ी है। नगर निगम की इस गंभीर लापरवाही के चलते क्षेत्र में हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें राहगीर और वाहन चालक नाले में गिर चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पुष्पा नगर के इस हिस्से में नाला सड़क के बिल्कुल किनारे बना हुआ है। सुरक्षा के लिए लगी रेलिंग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, कई स्थानों पर पूरी तरह से गायब हो चुकी है। रात के समय अंधेरे और बारिश के मौसम में यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। हल्की सी चूक जानलेवा हादसे में बदल सकती है।

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई गई, वार्ड पार्षद और अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। नाले की रेलिंग की मरम्मत या नई रेलिंग लगाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि हादसों के बाद भी निगम गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह नाला महापौर के निवास के पास स्थित है। इसके बावजूद लंबे समय से समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि महापौर के घर के बगल में स्थित नाले की यह हालत है, तो शहर के अन्य इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह स्थिति नगर निगम के कामकाज और निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
क्षेत्र के दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि कई बार वाहन फिसलकर नाले के किनारे तक पहुंच चुके हैं। बारिश के समय नाले में पानी भर जाने से उसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। लोग मांग कर रहे हैं कि तत्काल प्रभाव से मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए और सड़क किनारे चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button