BREAKING : कोचिंग संचालक संजय मिश्रा का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव : पुलिस जांच में जुटी

सागर यश भारत संभागीय ब्यूरो/ शहर के सिविल लाइन इलाके में रहने वाले कोचिंग संचालक संजय मिश्रा का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक बुधवार की शाम से घर से लापता था।
शहर के गोपालगंज में संदीपनी कोचिंग क्लास चलाने वाले सिविल लाइन निवासी संजय मिश्रा की लाश सागर रहली रोड पर आमघाट ढाना के पास नदी में मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने शव की शिनाख्त संजय मिश्रा के रूप में की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। मृतक बुधवार की शाम से घर से लापता था। घटना स्थल के पास ही मृतक की कार भी मिली है।परिजनों ने दोपहर में मृतक का अंतिम संस्कार गोपालगंज मुक्तिधाम पर कर दिया है।
यश भारत को मिली जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से क़र्ज़ को लेकर परेशान था। मृतक की पत्नी उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत है तथा उनके 3 छोटे बच्चे भी हैं। संदिग्ध परिस्थितियों में मिले संजय मिश्रा की मृत्यु में कर्जदारों द्वारा हत्या करने अथवा कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की आशंका को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच में इस संबंध में वस्तुस्थिति का खुलासा हो सकेगा।







