BREAKING : स्मार्ट सिटी मिशन का कार्यकाल आगामी 31 मार्च 2025 तक बढ़ाया गया: नए कामों को मंजूरी नहीं

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी मिशन को बिना किसी अतिरिक्त लागत के 31 मार्च 2025 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। कार्यकाल बढ़ाने को लेकर यह शर्त भी रखी गई है कि मिशन के तहत पहले से स्वीकृत वित्तीय आवंटन के अलावा कोई अतिरिक्त या नया कार्य शुरू नहीं किया जाएगा और सभी चालू परियोजनाओ एवं कार्य को 31 मार्च 2025 से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम उपायुक्त (वित्त) हेमलता पटेल ने बताया कि मंत्रालय की ओर से सभी 100 स्मार्ट सिटी के सीईओ को इस संबंध में परिपत्र जारी किए गए हैं। पत्र के अनुसार स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चयनित शहरों को स्वीकृत राशि में से शेष राशि का आवंटन केवल 30 सितंबर 2024 तक या उससे पहले किया जाएगा। यदि मिशन परिव्यय उस तारीख से पहले अवशोषित हो जाता है तो यह राशि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर जारी की जाएगी। मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी मिशन में चयनित राज्य व शहर के लिए शेष राशि जारी करने के प्रस्तावों को जल्द से जल्द पूरा कर मंत्रालय में भेजने हेतु भी निर्देशित किया हैं।







