भोपालमध्य प्रदेश

इटारसी ऑर्डनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, रेड अलर्ट जारी

इटारसी ऑर्डनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, रेड अलर्ट जारी

भोपाल/इटारसी, यशभारत। देश की सुरक्षा के लिए मिसाइल और बम बनाने वाली इटारसी स्थित आयुध निर्माणी (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) को सोमवार रात एक धमकी भरे ईमेल ने हिला कर रख दिया। अज्ञात हमलावर द्वारा फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में ‘रेड अलर्ट’ घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर चार थानों की पुलिस और भारी बल ने फैक्ट्री को घेरे में ले लिया है।

तमिलनाडु से जुड़ा हो सकता है तार
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल फैक्ट्री के आधिकारिक मेल एड्रेस पर प्राप्त हुआ है। शुरुआती तकनीकी जांच में ईमेल का लोकेशन तमिलनाडु का बताया जा रहा है। पुलिस और साइबर सेल की टीमें आईपी एड्रेस (IP Address) के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

VIP ड्यूटी के कारण छिंदवाड़ा से बुलाई गई टीम
धमकी मिलने के बाद पुलिस को सबसे बड़ी चुनौती बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की उपलब्धता को लेकर आई। नर्मदापुरम की स्थानीय टीमें मुख्यमंत्री और वीआईपी सुरक्षा के लिए बैतूल, ग्वालियर और बुरहानपुर गई हुई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छिंदवाड़ा से विशेष बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया है।

एसपी डॉ. साईं कृष्णा थोटा और एएसपी अभिषेक राजन खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि:
धमकी भरे मेल को गंभीरता से लिया गया है। पथरौटा, इटारसी, रामपुर और तवानगर थाने का बल मौके पर तैनात है। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि इसी साल 17 अप्रैल को भी फैक्ट्री को इसी तरह की धमकी मिली थी, जो बाद में फर्जी निकली थी। हालांकि, संवेदनशील प्रतिष्ठान होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इस बार कोई जोखिम नहीं उठाना चाहतीं। पथरौटा थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button