“नीली आंखों वाली मोनालिसा की शादी पर बवाल: परिवार ने लगाया ‘लव जिहाद’ का आरोप
सरकार से न्याय की मांग

खरगोन। महाकुंभ के दौरान वायरल हुई नीली आंखों वाली मोनालिसा की शादी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। केरल में अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ कोर्ट मैरिज करने और बाद में हिंदू रीति-रिवाजों से माला बदलकर शादी करने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है।
मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को “लव जिहाद” में फंसाया गया है। परिवार का कहना है कि हो सकता है उस पर दबाव बनाया गया हो। वहीं फरमान का दावा है कि दोनों ने अपनी मर्जी से, परिवारों के विरोध के बावजूद शादी की है।
परिवार का आरोप: “लव जिहाद का शिकार हुई हमारी बेटी”
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में रुद्राक्ष की माला बेचने वाली मोनालिसा के बड़े पापा ने कहा कि उनकी बेटी को सुनियोजित तरीके से “लव जिहाद” में फंसाया गया है। उनका आरोप है कि मोनालिसा को डराया-धमकाया गया होगा, क्योंकि उनके समाज में किसी लड़की ने दूसरे धर्म में शादी नहीं की है।
परिवार ने सरकार से मामले की जांच कर बेटी को न्याय दिलाने की मांग भी की है।
पिता का दावा: “मुझे बेटी से मिलने तक नहीं दिया”
मोनालिसा के पिता जयसिंह ने भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि शादी के दौरान उन्हें बाहर बैठा दिया गया और बेटी से मिलने तक नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि उनके समाज में दूसरे समाज में शादी करने की परंपरा नहीं है और ऐसा करने वालों को बिरादरी से बाहर कर दिया जाता है।
फेसबुक से शुरू हुई प्रेम कहानी
बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान की बातचीत करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। फरमान के अनुसार, शुरुआत में मोनालिसा ने उन्हें प्रपोज किया था, जिसे उन्होंने पहले ठुकरा दिया था। लेकिन करीब छह महीने बाद वह रिश्ते के लिए तैयार हो गए और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
अब इस शादी को लेकर परिवार के आरोप और दंपति के दावों के बीच मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग सोशल मीडिया पर इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।






