भोपालमध्य प्रदेश

दो समुदायों के युवकों के बीच खूनी विवाद,दो युवक घायल

दो समुदायों के युवकों के बीच खूनी विवाद,दो युवक घायल
हिंदू संगठनों ने की आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में देर रात दो समुदायों के युवकों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के एक घर में घुसकर तलवार और छुरी जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अशोका गार्डन क्षेत्र में दो समुदायों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते, यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावर पक्ष के कुछ युवक जबरन एक घर में दाखिल हुए और वहां मौजूद दो युवकों पर हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुराग लाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल का जायजा लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदू संगठनों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू समाज से जुड़े कई संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायलों का हाल जानने हमीदिया अस्पताल पहुंचे।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि प्रशासन ने तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की, तो हिंदू समाज शांति व्यवस्था के लिए सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button