भोपाल बनेगा न्यायिक मंथन का केंद्र, नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आज से राष्ट्रीय सम्मेलन

भोपाल बनेगा न्यायिक मंथन का केंद्र, नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आज से राष्ट्रीय सम्मेलन
भोपाल, यशभारत। देश की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर गहन विमर्श के लिए राजधानी भोपाल स्थित नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हो रहा है। इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में देशभर के हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और वरिष्ठ न्यायाधीश हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत विशेष रूप से शामिल होंगे। सीजेआई बनने के बाद उनका यह मध्यप्रदेश का पहला आधिकारिक दौरा है, जिससे सम्मेलन को विशेष महत्व मिल गया है। उनके साथ देश के 25 से अधिक हाईकोर्ट के जज भोपाल पहुंच रहे हैं। लंबे समय बाद ऐसा अवसर आया है जब एक ही मंच पर इतनी बड़ी संख्या में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एकत्रित होंगे। सम्मेलन की थीम एकीकृत, कुशल और जन केंद्रित न्यायपालिका रखी गई है जिस पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत इस विषय पर न्यायाधीशों को संबोधित करेंगे और न्याय प्रणाली को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी बनाने के उपायों पर मंथन होगा। तकनीक, समन्वय और पारदर्शिता जैसे पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। सम्मेलन के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मेहमान न्यायाधीशों की अगवानी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।







