भोपाल पुलिस ने अवैध पटाखा गोदाम को किया सील

भोपाल पुलिस ने अवैध पटाखा गोदाम को किया सील
भोपाल, यशभारत: आगामी दीपावली त्यौहार को देखते हुए खजूरी सड़क थाना पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध रूप से संचालित पटाखा गोदाम को सील कर दिया है और पटाखों से भरा एक लोडिंग वाहन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना खजूरी सड़क पुलिस इलाका भ्रमण कर रही थी। ग्राम जमुनियां छीर के पास एक लोडिंग गाड़ी खड़ी दिखी, जिसमें पटाखों की खेप भरी थी। पूछताछ में पता चला कि ये पटाखे बगल के गोदाम से लोड किए जा रहे थे।
गोदाम संचालक मोहन मनवानी (60), जो अपना प्रतिष्ठान ‘मधुर फायर वर्क्स’ के नाम से चलाते हैं, उन्हें मौके पर बुलाया गया। जब उनसे गोदाम में विस्फोटक रखने का वैध लाइसेंस माँगा गया, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।
राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई
लाइसेंस न होने की पुष्टि होते ही तत्काल राजस्व विभाग को सूचना दी गई। दोनों विभागों की टीम ने मौके पर वैधानिक कार्रवाई की। अवैध रूप से संचालित इस गोदाम को सील कर दिया गया, और पटाखों से भरी लोडिंग गाड़ी को जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए पटाखों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। आरोपी मोहन मनवानी के खिलाफ थाना खजूरी सड़क में मामला दर्ज किया गया है।







