भोपालमध्य प्रदेश
भोपाल पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बच्चों के साथ किया जनसंवाद

भोपाल पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बच्चों के साथ किया जनसंवाद
भोपाल, यशभारत।
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की सामुदायिक पुलिस शाखा ने बच्चों को सुरक्षा और जागरूकता प्रदान करने के लिए अपने सतत कार्यक्रम ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम रातीबढ़ स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में वीएसवोओ संस्था के समन्वय से संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 150 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया।

शीर्ष अधिकारियों का मार्गदर्शन
यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी पुलिस उपायुक्त श्रद्धा तिवारी, तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मंजुलता खत्री के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रास बिहारी सर, निरीक्षक पल्लवी पांडे, सूबेदार ऋतुराज वारिवा, एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता
जनसंवाद में छात्रों को कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन जानकारी दी गई। जिसमें
सायबर अपराध: इसके प्रकार और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रहने के तरीके बताये गये। इसी के साथ महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा उनसे बचाव के कानूनी प्रावधान समझाया गया। विशेष रूप से गुड टच और बैड टच के अंतर को समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय बताए गए। वही संकट की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर्स और समर्थन माध्यमों की जानकारी दी गई।
सूबेदार ने सिखाए आत्मरक्षा के गुर
सूबेदार ऋतुराज वारिवा ने ‘सृजन अभियान’ के बारे में विस्तार से बताते हुए छात्रों को स्वयं की सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देकर स्वयं को सुरक्षित करने के तरीके सिखाए। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने और सही दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
ऑपरेशन मुस्कान का लक्ष्य
सामुदायिक पुलिस शाखा द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का मुख्य उद्देश्य लापता, भागे हुए, या अपहृत बच्चों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाना, बाल श्रम एवं शोषण से मुक्ति दिलाना, और बचाए गए बच्चों का परिवार से पुनर्मिलन व उचित पुनर्वास सुनिश्चित करना है। यह प्रयास बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित है।






