भोपाल

भोपाल: पता न बताने पर बदमाशों ने युवक पर किया चाकू से  जानलेवा हमला, केस दर्ज

भोपाल: पता न बताने पर बदमाशों ने युवक पर किया चाकू से  जानलेवा हमला, केस दर्ज
​भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में बुधवार देर रात बदमाशों ने मामूली बात पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने चाकू से युवक के गले पर वार किया, जिससे उसका कान कट गया और गले की नस भी घायल हो गई। हमला केवल इसलिए किया गया क्योंकि युवक ने एक बदमाश को उसके परिचित का पता बताने से मना कर दिया था। बीच-बचाव करने आए तीन अन्य युवक भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी और छोला थाने के लिस्टेड गुंडा आर्यन सौदा समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
​मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिव नगर में रहने वाला अभिषेक पंथी (24) बुधवार की रात अपने साथी अमित राय के साथ मोहल्ले में खड़ा था। तभी वहां इलाके के गुंडे आर्यन सौदा, गोविंद, इरशाद और संदीप सौदा पहुंचे। इन बदमाशों के हाथों में चाकू थे और वे किसी को मारने की नीयत से घूम रहे थे।
​बदमाश आर्यन सौदा ने अभिषेक पंथी से किसी व्यक्ति का पता पूछा। अभिषेक के मना करने पर आर्यन भड़क गया और गाली गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
​गले की नस कटी, कान कटा
​विवाद बढ़ने पर अभिषेक के साथी अमित राय और दो अन्य युवक बीच बचाव करने आ गए। इसी दौरान, आर्यन ने चाकू से अभिषेक के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी गले की नस कट गई और कान भी बुरी तरह कट गया। अभिषेक लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
​बीच बचाव करने पहुंचे उसके साथी अमित राय को भी चाकू लगा है, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां अभिषेक का इलाज चल रहा है।
​आर्यन सौदा छोला थाने का लिस्टेड गुंडा
​सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अमित राय की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आर्यन सौदा, गोविंद, इरशाद और संदीप सौदा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आर्यन सौदा छोला थाने का लिस्टेड गुंडा है और उसके खिलाफ पहले से 11 अपराध दर्ज हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button