भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल इज्तिमा की 600 एकड़ की ‘टेंट सिटी’ तैयार, सुरक्षा के लिए 3000 जवान तैनात

भोपाल इज्तिमा की 600 एकड़ की ‘टेंट सिटी’ तैयार, सुरक्षा के लिए 3000 जवान तैनात
पुलिस-प्रशासन ने लिया मैदानी जायजा
​भोपाल, यशभारत। राजधानी से 15 किलोमीटर दूर बैरसिया रोड स्थित घासीपुरा में 14 नवंबर से शुरू होने वाले 78वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां लगभग मुकम्मल हो चुकी हैं। लाखों की संख्या में पहुंचने वाले अनुयायियों को देखते हुए बुधवार को पुलिस प्रशासन और नगर निगम के आला अधिकारियों ने इज्तिमागाह पहुंचकर सभी इंतजामों का माइक्रो-लेवल पर जायजा लिया।
​करीब 600 एकड़ में फैली इस विशाल टेंट सिटी में सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था की गहन जांच की गई। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने स्वयं आंतरिक और बाहरी दोनों व्यवस्थाओं का मुआयना किया।
​जुमे की नमाज पर विशेष निगरानी
​चार दिवसीय इज्तिमा का औपचारिक आगाज शुक्रवार को फजिर की नमाज के बाद मजहबी तकरीर से होगा। प्रशासन का विशेष ध्यान जुमे की नमाज पर है, जिसमें भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके लिए कड़ी निगरानी और अतिरिक्त बिछात व्यवस्था की तैयारी की गई है।
​सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
​सुरक्षा: आयोजन में सुरक्षा के लिए करीब 3000 पुलिस जवान और अफसर ड्यूटी पर रहेंगे। हर जोन में पुलिस बल, वॉलेंटियर्स और क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) तैनात की गई हैं। आयोजन समिति को सीसीटीवी लगाने और अन्य आवश्यक हिदायतें भी दी गई हैं।
​ट्रैफिक: ट्रैफिक पुलिस ने भोपाल रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड, आईएसबीटी समेत सभी प्रमुख मार्गों पर 24×7 ड्यूटी प्लान बनाया है ताकि यातायात सुगम बना रहे।
​’जीरो वेस्ट’ थीम पर फोकस
​नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने डेढ़ घंटे तक रुककर सफाई, पेयजल और कचरा निष्पादन की समीक्षा की। इस आयोजन को ‘जीरो वेस्ट’ थीम पर आधारित रखा गया है। परिसर में जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं और 250 वॉलेंटियर्स कचरा एकत्र करेंगे।
​सुविधाओं और प्रतिबंधों का एलान
​स्वास्थ्य: इज्तिमागाह में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुष चिकित्सा के मुफ्त अस्पताल स्थापित किए गए हैं।
व्यवस्था: पुलिस, प्रशासन और निगम के संयुक्त कंट्रोल रूम के साथ ही हेल्प डेस्क भी शुरू की गई है।
​प्रतिबंध: अनुशासन बनाए रखने के लिए इज्तिमा मार्ग के फुटपाथ पर दुकानें लगाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, इज्तिमागाह परिसर में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और जर्दा पूरी तरह से बैन रहेगा।
​शहर के आसपास से पहुंची जमातें गुरुवार से इज्तिमागाह पहुंचना शुरू करेंगी और इन्हें प्रांतवार हल्कों में ठहराया जाएगा। प्रशासन सभी व्यवस्थाओं को फुलप्रूफ बता रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button