भोपाल में ब्यूटीशियन से रेप, धर्मांतरण का दबाव बनाने वाली महिला समेत 4 पर FIR

भोपाल में ब्यूटीशियन से रेप, धर्मांतरण का दबाव बनाने वाली महिला समेत 4 पर FIR
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के दबाव और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ की रहने वाली 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने तीन युवकों पर रेप और एक महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
बर्थडे पार्टी में हुई थी दोस्ती
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में सहेली की बर्थडे पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात एक अन्य युवती से हुई थी। जल्द ही दोनों में दोस्ती हो गई और वे साथ रहने लगीं। जनवरी 2025 में वे दोनों बागसेवनिया निवासी अमरीन उर्फ माहिरा के घर शिफ्ट हो गईं।
साजिश के तहत धर्मांतरण और निकाह का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि वहां रहने के दौरान उसे पता चला कि उसकी सहेली ने अमरीन के प्रभाव में आकर धर्म परिवर्तन कर लिया है और अमरीन के भाई से निकाह कर लिया है। पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि उस पर भी धर्म बदलने का लगातार दबाव बनाया गया। इस दौरान तीन अन्य लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़िता रविवार रात अपने मामा के साथ बागसेवनिया थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और धर्मांतरण विरोधी कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







