जबलपुरमध्य प्रदेश

स्मार्ट मीटर के फायदे समझ में आते ही बदला माहौल, उपभोक्ता खुद लगवा रहे मीटर

अब तक 2 लाख 35 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं

जबलपुर। शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियाँ अब धीरे-धीरे दूर होती नजर आ रही हैं। जबलपुर में अब तक 2 लाख 35 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। बावजूद इसके कुछ इलाकों में लगभग 15 दिन पहले तक स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध की स्थिति बनी हुई थी।

बिजली विभाग द्वारा बीते सप्ताह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुनः जागरूकता कैंप आयोजित कर स्मार्ट मीटर के लाभों को विस्तार से समझाया गया। इसमें बताया गया कि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली बिजली खपत पर एनर्जी चार्ज में 20 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी, हर 15 मिनट में मोबाइल पर स्वतः मीटर रीडिंग उपलब्ध होगी, उपभोक्ताओं को अपने वास्तविक लोड की सटीक जानकारी मिलेगी और रिमोट रीडिंग से गलत बिल या मीटर रीडर की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा। इन जानकारियों के बाद उपभोक्ताओं का रुख पूरी तरह बदल गया और अब वे स्वयं आगे बढ़कर स्मार्ट मीटर लगवा रहे हैं।

WhatsApp Image 2025 12 13 at 13.32.55 1

इसका ताजा उदाहरण केंट क्षेत्र के लियो कंपाउंड में देखने को मिला। यहां 29 नवंबर को स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी, यहां तक कि शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में तीन लोगों पर एफआईआर भी दर्ज की गई थी। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। विभाग की टीम जब दोबारा क्षेत्र में पहुंची तो लोगों ने खुशी-खुशी अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाए।

इसी तरह एकता अपार्टमेंट, गोलछा अपार्टमेंट सहित अन्य इलाकों में, जहां पहले विरोध देखा गया था, वहां भी उपभोक्ताओं ने स्वेच्छा से स्मार्ट मीटर लगवाए।

आज शहर में लगभग 450 स्मार्ट मीटर बदले गए और कहीं भी विवाद की स्थिति सामने नहीं आई। हालांकि एहतियात के तौर पर बिजली विभाग की टीमों के साथ तहसीलदार और पुलिस बल मौजूद रहा।

बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के त्वरित और गंभीर निराकरण के लिए सभी कार्यालयों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। तय समय-सीमा में शिकायत का समाधान न होने पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बिना किसी विरोध के स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग देने के लिए उपभोक्ताओं का आभार जताया और कहा कि स्मार्ट मीटर के फायदे समझ आने के बाद लोग खुद आगे आ रहे हैं। विभाग उपभोक्ताओं की सेवा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button