भोपाल एयरपोर्ट पर सेना और सीआईएसएफ ने किया संयुक्त आतंकवाद निरोधक अभ्यास

भोपाल एयरपोर्ट पर सेना और सीआईएसएफ ने किया संयुक्त आतंकवाद निरोधक अभ्यास
भोपाल, यश भारत। भारतीय सेना और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भोपाल पर संयुक्त रूप से बहु-परिदृश्य मॉक अभ्यास आयोजित किया। इस अभ्यास का उद्देश्य आतंकवादी या आपात स्थिति से निपटने के लिए दोनों एजेंसियों की संयुक्त कार्य क्षमता और समन्वय को मजबूत करना था।
अभ्यास में आतंकवाद निरोधक कार्रवाई, त्वरित प्रतिक्रिया दल की कार्रवाई, कमरे में हस्तक्षेप और बंधक बचाव जैसे विभिन्न परिदृश्यों का वास्तविक समय की तरह अभ्यास किया गया। यह अभ्यास नागरिक-सैन्य समन्वय ढांचे के तहत आयोजित किया गया, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
अभ्यास का पर्यवेक्षण भारतीय सेना की 7वीं गढ़वाल इकाई के मेजर सौरव रामोला ने किया। इसमें सीआईएसएफ के विभिन्न इकाइयों के लगभग 50 जवानों ने भाग लिया, जो त्वरित प्रतिक्रिया दल के प्रशिक्षण में शामिल हैं।
अभ्यास के दौरान सीआईएसएफ भोपाल इकाई, एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकारियों और चिकित्सा दल ने भी सहयोग किया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया की तैयारियों को परखा जा सका।







