भोपाल में हथियारों की ‘फैक्ट्री’ का पर्दाफाश, 79 घातक हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

हथियारों की ‘फैक्ट्री’ का पर्दाफाश, 79 घातक हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कमला नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बापू नगर क्षेत्र की झुग्गियों में छापेमारी कर भारी मात्रा में चाकू, छुरी और तलवारों का जखीरा बरामद किया है। आरोपी अपने घर के भीतर ही हथियार बनाने और उन्हें बड़े स्तर पर बेचने का अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने जब बापू नगर की झुग्गी नंबर 16 और 54 में छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। आरोपियों ने घर के भीतर ही हथियारों का भंडार जमा कर रखा था। पुलिस ने मौके से 75 अवैध छुरियां 04 लंबी तलवारें कुल 79 घातक हथियार बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी निरूपा पाण्डेय ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंदन विश्वकर्मा (31 वर्ष) और दुर्गेश विश्वकर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उनसे हथियारों के निर्माण और खरीद-बिक्री के संबंध में लाइसेंस मांगा, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओ के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।







