जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

एक और विमान हादसा होते-होते बचा, पायलट ने दिया Mayday का मैसेज; क्या थी वजह

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एक और हादसा होते-होते बचा। इंडिगो की गुवाहाटी-चेन्नई फ्लाइट की बेंगलुरु में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। एनडीटीवी के सूत्रों के अनुसार, ईंधन कम होने की वजह से फ्लाइट के पायलट ने Mayday का भी मैसेज भेजा। हालांकि, राहतभरी बात यह रही कि विमान बेंगलुरु में सुरक्षित लैंड कर गया। यह पूरी घटना गुरुवार की है, लेकिन रविवार को इस बारे में जानकारी मिली। 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। उस दौरान भी पायलट्स ने Mayday का मैसेज भेजा था।

इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग और मेडे मैसेज के बाद पायलट को पद से हटा दिया गया है। Mayday मैसेज विमान के पायलट उस समय भेजते हैं, जब पूरी तरह से इमरजेंसी होती है। उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं होता है। ऐसे में एटीसी को मेडे का मैसेज भेजकर उन्हें विमान के लिए आई हुई इमरजेंसी के बारे में अवगत करवाया जाता है। 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे के समय भी पायलट्स ने एटीसी को मेडे का मैसेज भेजा था। यह मैसेज ठीक 1:39 बजे दिया गया था। इसके बाद जब एटीसी ने विमान से संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। तब तक विमान मेघानीनगर के रिहायशी इलाके में जाकर क्रैश हो गया। उस विमान में 242 लोग सवार थे और एक शख्स के अलावा बाकी सभी की मौत हो गई।

इस बीच, एयर इंडिया विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन नियामक ने एयर इंडिया को ‘प्रणालीगत विफलताओं’ के लिए तीन अधिकारियों को उनकी भूमिकाओं से हटाने का आदेश दिया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के निर्देश में यह विस्तृत रूप से नहीं बताया गया है कि यह अहमदाबाद में 12 जून को हुई दुर्घटना से जुड़ा है या नहीं। डीजीसीए के निर्देश में कहा गया है कि एयरलाइन के स्वैच्छिक खुलासे चालक दल के शेड्यूलिंग, अनुपालन निगरानी और आंतरिक जवाबदेही में प्रणालीगत विफलताओं की ओर इशारा करते हैं।

नियामक ने एयर इंडिया को आदेश में नामित तीन अधिकारियों को चालक दल की समय-सारणी से संबंधित सभी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से हटाने, अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और 10 दिनों के भीतर उठाए गए कदमों की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। भविष्य में उल्लंघन के परिणामस्वरूप लाइसेंस निलंबन भी हो सकता है। एयरलाइन ने शनिवार को कहा कि उसने आदेश को लागू कर दिया है। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, “एयर इंडिया यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक प्रथाओं का पूर्ण पालन हो।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button