
जबलपुर। ओमती पुलिस ने रज्जाक पहलवान गैंग के एक और गुर्गे को पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए बिलपुरा रांझी निवासी महेश यादव पर 15 हजार रुपये का इनाम था। आरोपित महेश के विरुद्ध ओमती थाना में धोखाधड़ी, बलवा, मारपीट,अवैध वसूली सहित कई गंभीर अपराध पंजीबद्ध है। वह काफी समय से फरार था। पुलिस को जांच में आरोपित महेश के अब्दुल रज्जाक गैंग से तार जुड़े मिले थे। छानबीन में पता चला था कि आरोपित कुख्यात अपराधी अब्दुल रज्जाक की गैंग का सक्रिय सदस्य है। और उनके साथ कई अनैतिक कृत्यों में लिप्त रहा है। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के रांझी क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपित महेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व में पुलिस ने पकड़ा था 4 सदस्यों को
इससे पूर्व पुलिस रज्जाक के पुत्र सरफराज भाई मोहम्मद मेहमूद भतीजे अजहर एवं मोहम्मद सज्जाद सहित पहलवान गैंग के कई गुर्गों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें से कई आरोपित लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे। गंभीर वारदातों को अंजाम देकर फरार थे। जेल में बंद अब्दुल रज्जाक के सिवनी जिले के पेंच में एक रिसोर्ट में आयोजित भतीजे के विवाह कार्यक्रम में छापेमारी कर पुलिस ने उसके पुत्र सरफराज सहित गेम के चार सदस्यों को पकड़ा था।







