
जबलपुर यश भारत । सिहोरा के खितौला थाना क्षेत्र में ग्यारह अगस्त को ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो इनामी डकैतों जहांगीर आलम अंसारी और गोलू पासवान समेत चार आरोपियों को बिहार व झारखंड से गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 400 ग्राम सोना, पिस्टल, गैस कटर, मोटरसाइकिल, और जमीन के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में जबलपुर क्राइम ब्रांच, जिला पुलिस और बिहार STF की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं और पूर्व में कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहे थे। अब पुलिस की नजर इस डकैती में शामिल बचे हुए दो फरार आरोपियों और बाकी लूट के सोने पर है। तलाश और छापेमारी अभी भी जारी है।







