शादी की धुनों के बीच ताश की बाजी, गलगला कब्रिस्तान क्षेत्र में छापा, आठ जुआरी गिरफ्तार—ताश व नगदी जब्त

जबलपुर। शहर के गलगला कब्रें क्षेत्र, स्थान आठ नल के पास चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने देर रात अचानक छापा मारते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि यहां शादी समारोह की आड़ में लंबे समय से जुआ खिलाया जा रहा था, जिसकी भनक पुलिस को मुखबिर के जरिए लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते आठ लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।सूत्रों के अनुसार इलाके में आयोजित शादी में कुछ लोग खाना-पीना छोड़ रातभर जुए में डूबे रहते थे। आयोजकों की अनदेखी या संलिप्तता के चलते यह जगह स्थायी जुआ अड्डा बन चुकी थी, जहां रोजाना हजारों रुपए दांव पर लगाए जाते थे। जैसे ही पुलिस पहुंची, कुछ आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके को घेरकर उन्हें गिरफ्त में ले लिया।
गिरफ्तार जुआरियों की पहचान
पुलिस ने जिन आठ आरोपियों को पकड़ा है, उनके नाम इस प्रकार हैं—शाहरुख, आसिफ, मोहम्मद नूरल, काजी मोहम्मद, आकाश विश्वकर्मा, आयुष तिवारी, हर्षवर्धन राव और मोहम्मद हैदर।इन सभी को मौके से गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।
नकदी और ताश के पत्ते जब्त
छापे के दौरान पुलिस को जुआ खेलने में उपयोग किए जा रहे ताश के पत्तों के सेट, नगदी रकम, और अन्य सामग्री बरामद हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि—“जुआ अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। यह क्षेत्र पहले भी संदिग्ध गतिविधियों के लिए चिन्हित है, ऐसे में आगामी दिनों में यहां विशेष निगरानी की जाएगी।”
शादी की खुशी के बीच अपराध की बाजी बिछाने वालों पर अब पुलिस की नजर और कड़ी हो गई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद यह भी जांच की जाएगी कि इस जुए में और कौन-कौन शामिल थे, तथा आयोजकों की इसमें क्या भूमिका थी। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता








