एयरबैग खुलने से बची जान, ट्रक के पीछे घुसी कार
मझौली बायपास पर बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं

जबलपुर यशभारत। बीती रात सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौली बायपास पर एक सड़क दुर्घटना हो गई जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन वाहन में लगे एयरबैग खुलने से कार सवारों की जान बच गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस दुर्घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार कार जबलपुर की ओर से सिहोरा की तरफ जा रही थी। मझौली बायपास पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने गति धीमी की जिससे पीछे आ रही कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर के साथ ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक और अन्य सवार सुरक्षित रहे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी न बनाए रखना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे और बायपास मार्गों पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।







